8 मार्च को दुनियाभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर देशभर में कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में अनुकरणीय और उत्कृष्ट काम करने वाली 29 हस्तियों को आज नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में 2020 और 2021 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार प्रदान करेंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
कोविड-19 महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण 2020 का पुरस्कार समारोह 2021 में आयोजित नहीं हो पाया था। वर्ष 2020 के लिये नारी शक्ति पुरस्कार विजेताओं में उद्यमशीलता, कृषि, नवोन्मेष, सामाजिक कार्य, कला, दस्तकारी, एसटीईएमएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और गणित) तथा वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र में काम करने वाली महिलाएं शामिल हैं।
संबित पात्रा ने KOO कर इसकी जानकारी दी उन्होंने लिखा कि मध्य-प्रदेश के उमरिया जिले की निवासी आदिवासी कला ’बैगा’ की चित्रकारी करने वाली जोधिया बाई बैगा जी को आज #IWD2022 के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति जी द्वारा #NariShaktiPuraskar से सम्मानित किया गया। जोधिया जी की कला को विदेशों में भी कला प्रदर्शनी के तौर पर प्रस्तुत किया जा चुका है।