मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘द लीजेंड ऑफ कोश्यारी भगत दा’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा भगत सिंह कोश्यारी के जीवन का हर पहलू प्रेरणादायी है। वह सहज जी प्रतिमूर्ति है। उन्होंने सामान्य परिवेश में रह कर शिखर छूने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी वास्तव में भारतीय राजनीति के पुरोधा, जन नेता, कुशल प्रशासक और विचारक है। वे राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव के भी प्रतीक है। अपने जीवन की शुरूआत में ही उन्होंने एक राजनेता के साथ ही कुशल शिक्षक के रूप में समाज को दिशा देने का कार्य किया।
उन्होने ये भी कहा कि उन्हें श्री भगत सिंह कोश्यारी के सानिध्य में रहकर सामाजिक और राजनैतिक क्षेत्र में कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। श्री कोश्यारी ने सामान्य परिवेश में रहकर शिखर छूने का कार्य किया है और अपने पुरूषार्थ से महानता प्राप्त की है।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद नरेश बंसल ने पुस्तक को प्रेरणादायी बताते हुए कोश्यारी को बड़े दिल वाला जन नेता बताया। वे चौपाल में रहें या राजभवन में उनकी दिनचर्या साधारण ही रहती है। उन्होंने कहा कि उन्हें भी कोश्यारी की छत्र छाया में आगे बढ़ने का मौका मिला है।